
बभनी चौराहे पर बनेगा पुलिस बूथ, घटना के बाद प्रशासन एक्शन मोड में
डीएम आलोक कुमार और एसपी संदीप कुमार मीना के निर्देश पर निर्माण कार्य शुरू, क्षेत्र में बढ़ेगी सुरक्षा और पुलिस निगरानी
#संतकबीरनगर। बभनी चौराहे पर हाल में हुई घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। डीएम आलोक कुमार और एसपी संदीप कुमार मीना के निर्देशन में थाना बखिरा क्षेत्र के बभनी चौराहे पर पुलिस बूथ निर्माण का कार्य शनिवार को शुरू करा दिया गया।
प्रशासन का मानना है कि पुलिस बूथ बनने से क्षेत्र में पुलिस की लगातार मौजूदगी सुनिश्चित होगी और किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल पुलिस सहायता मिल सकेगी। साथ ही अपराध एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने में भी मदद मिलेगी।
निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आमजन की सुरक्षा के प्रति प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पुलिस बूथ स्थापित होने से बभनी चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग को बल मिलेगा। इससे लोगों में सुरक्षा का एहसास बढ़ेगा और पुलिस-जन संवाद भी मजबूत होगा।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी धनघटा, क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव, थानाध्यक्ष बखिरा उमाशंकर त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
#UPNews #santkabirnagar #NewsUpdate #UttarPradesh #UPPolice #santkabirnagrpolice