
मुजफ्फरपुर:2.435 किलो स्मैक के साथ भाई-बहन गिरफ्तार:2.10 लाख रुपए कैश और 4 मोबाइल बरामद
#मुजफ्फरपुर में मादक पदार्थों की तस्करी और अपराध नियंत्रण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुजफ्फरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के गायघाट थाना क्षेत्र स्थित हनुमान नगर गांव में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध स्मैक के एक बड़े कारोबार का भंडाफोड़ किया है।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से सगे भाई-बहन को धर दबोचा और उनके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ, भारी मात्रा में नकद राशि तथा मोबाइल फोन बरामद किए।
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशानुसार जिले भर में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है।इसी अभियान के क्रम में 1 अक्टूबर को गायघाट थाना पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली थी कि हनुमान नगर गांव में बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र के निवासी शिव शंकर कुमार और उसकी बहन अंशु कुमारी के रूप में की गई है। पुलिस द्वारा जब दोनों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से 2,015 छोटी-बड़ी पुड़ियों में पैक किया गया कुल 2.435 किलोग्राम स्मैक बरामद हुआ। बाजार में इस बरामद स्मैक की कीमत काफी अधिक आंकी जा रही है।इसके अलावा, पुलिस ने उनके पास से स्मैक की बिक्री से जुटाए गए 2.10 लाख (2 लाख 10 हजार) रुपये नकद और तस्करी के खेल में इस्तेमाल किए जा रहे 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।। इनके परिजनों के खिलाफ पूर्व से ही एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी की मां और पत्नी को भी पूर्व में बेनीबाद थाना कांड संख्या 25/24 में एनडीपीएस एक्ट के तहत ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत (जेल) भेजा जा चुका है।