
*विश्व पर्यावरण दिवस पर संभागीय शासकीय आईटीआई में हुआ पौधारोपण*
----
*मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने ग्लोबल वार्मिंग पर जताई चिंता, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश*
इंदौर, 5 जून 2026
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संभागीय शासकीय आईटीआई इंदौर में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक श्री रमेश मेंदोला, उद्यान प्रभारी एवं वरिष्ठ पार्षद श्री राजेंद्र राठौर, सभापति नगर निगम श्री मुन्नालाल यादव, पार्षद श्री मनोज मिश्रा, पूर्व पार्षद श्री राजकपूर सुनहरे तथा आईटीआई के प्राचार्य श्री गौरव आर्य सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अतिथियों ने संस्थान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उपस्थितजनों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन वर्तमान समय की गंभीर चुनौती है। पर्यावरण संरक्षण अब केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व की आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि विश्व के 115 सर्वाधिक गर्म शहरों में से लगभग 90 शहर भारत में स्थित हैं, जो चिंता का विषय है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि उक्त आयोजन केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रकृति के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और भावी पीढ़ियों के प्रति कर्तव्यबोध का प्रेरणादायक संदेश भी बनकर उभरा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करें तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण हेतु वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन श्री संजय जैन ने किया।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #WorldEnvironmentDay #PlantationDrive #GreenIndia
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Environment, Madhya Pradesh