
‘डांस दीवाने’ में 152 कलाकारों ने 28 प्रस्तुतियों से बांधा समां
दुमका के कन्वेंशन सेंटर में मीतराज क्रिएटिव डांस एंड एक्टिंग स्कूल के बैनर तले ‘डांस दीवाने नृत्य महोत्सव’ का आयोजन किया गया।
महोत्सव में 152 उभरते कलाकारों ने 28 प्रस्तुतियों के माध्यम से कथक, बॉलीवुड, कंटेम्पररी और थीम आधारित नृत्य की प्रस्तुति दी।
3 वर्ष के बच्चों की मासूम और ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। मां काली के रौद्र एवं दिव्य स्वरूप पर आधारित नृत्य ने सभागार को भक्ति और ऊर्जा से भर दिया।
हॉरर डांस प्रस्तुति ने दर्शकों को रोमांचित किया, जबकि गणपति वंदना की प्रस्तुति को भी सराहना मिली।
शोमैन राज कपूर की स्मृति में प्रस्तुत ‘मेरा नाम जोकर’ ट्रिब्यूट एक्ट ने दर्शकों को भावुक कर पुरानी यादें ताजा कर दीं।
‘राइजिंग कोरियोग्राफर प्रतियोगिता’ महोत्सव का आकर्षण रही, जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त 3 बच्चों ने स्वयं थीम चुनी, टीमों को कोरियोग्राफ किया और मंच पर प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का उद्घाटन रक्षा मंत्रालय के डायरेक्टरेट ऑफ ऑर्डिनेंस के डिप्टी डायरेक्टर श्रीजीप दास, डीटीओ मृत्युंजय कुमार, डीईओ संजीत कुमार, कार्यपालक विद्युत अभियंता अमिताभ बच्चन सोरेन, लेफ्टिनेंट सुमिता सिंह एवं पूनम यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
आयोजन की खास बात यह रही कि मंच संचालन से लेकर पर्दे के पीछे की व्यवस्थाओं तक की जिम्मेदारी मीतराज क्रिएटिव के विद्यार्थियों ने संभाली।
#DumkaNews #DanceFestival #DanceDiwane #CulturalEvent #JharkhandNews