
आकाश आनंद नवंबर-दिसंबर में यूपी, पंजाब और उत्तराखंड में करेंगे जनसभाएं,ईशान आनंद भी संभालेंगे पार्टी का काम
- बुलंदशहर, सहारनपुर, अयोध्या, आगरा और कानपुर में जनसभाओं को करेंगे संबोधित, संविधान दिवस पर पंजाब में होंगे शामिल
लखनऊ - बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा है कि वह पार्टी और बहुजन आंदोलन के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आकाश आनंद को सौंपे गए कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की है।
मायावती के अनुसार, आकाश आनंद 28 अक्टूबर 2026 को बुलंदशहर, दो नवंबर को सहारनपुर, 20 नवंबर को अयोध्या, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर नगर में बसपा की ओर से आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पंजाब में आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
उन्होंने बताया कि छह दिसंबर 2026 को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह एवं जनसभा को भी आकाश आनंद संबोधित करेंगे।
अशोक सिद्धार्थ की वापसी की अटकलों को किया खारिज
बसपा प्रमुख ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि कुछ स्वार्थी तत्व विभिन्न हथकंडों के जरिए लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसी अफवाहों से सावधान रहने और पार्टी के कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा के साथ सफल बनाने की अपील की।
मायावती ने अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में दोबारा वापसी की अटकलों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि उन्हें किसी भी परिस्थिति में पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा। उन्होंने पूर्व में हुए घटनाक्रम के लिए अशोक सिद्धार्थ को अधिक जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इसी कारण उन्हें पार्टी से बाहर किया गया और राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी गई थी।
ईशान आनंद भी पार्टी के कार्यों में करेंगे सहयोग
मायावती ने यह भी जानकारी दी कि आनंद कुमार के छोटे बेटे ईशान आनंद, जो लंदन से वकालत की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं, उनके दिशा-निर्देशन में बसपा के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे। वह दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में विशेष रूप से चुनाव संबंधी कार्यों और अन्य कागजी प्रक्रियाओं में सहयोग करेंगे।
बसपा नेतृत्व की ओर से घोषित इन कार्यक्रमों को पार्टी के संगठनात्मक कार्यों और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Basti, Basti | Oct 19, 2026