त्योहारों के सीजन में उपमंडल प्रशासन छछरौली की कार्रवाई, छछरौली बाजार में मिठाइयों के सैंपल लिए
मिलावट रोकने और लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच जारी रहेगी – एसडीएम छछरौली जसपाल सिंह गिल
त्योहारों के सीजन को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने तथा आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त प्रीति के आदेशानुसार तथा एसडीएम छछरौली जसपाल सिंह गिल के मार्गदर्शन में बीडीपीओ कार्तिक चौहान, फूड सप्लाई ऑफिसर गुलाब सिंह यमुनानगर तथा उनकी टीम ने छछरौली बाजार की पांच से छह मिठाई की दुकानों से मिठाइयों के सैंपल लिए । सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। छछरौली
एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने कहा कि दुकानदार ग्राहकों को केवल गुणवत्तापूर्ण एवं शुद्ध मिठाइयां ही बेचें। मिठाइयों को तैयार करने और भंडारण के दौरान स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखें तथा मुनाफाखोरी या लालच में आकर मिलावटी या खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचें। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ रोकना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि उपमंडल छछरौली में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की जांच और निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Oct 30, 2026