
कानपुर देहात: नवरात्रि को लेकर एसपी ने सिकंदरा में की पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
मंदिरों और दुर्गा पंडालों का किया निरीक्षण, मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को किया जागरूक
सिकंदरा/कानपुर देहात। नवरात्रि पर्व को सकुशल संपन्न कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने सिकंदरा कस्बे में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए मंदिरों, दुर्गा पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजारों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, जाम की स्थिति से बचने और वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थानों पर कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों और आत्मसम्मान के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी समस्या या परेशानी की स्थिति में वे बिना झिझक पुलिस से संपर्क कर सकती हैं।
नवरात्रि पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। पुलिस का उद्देश्य पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।