
सेवा की कहानी
436 रुपये के वार्षिक प्रीमियम ने परिवार को दिया 2 लाख रुपये का आर्थिक संबल
----
कठिन समय में छोटी-सी आर्थिक सुरक्षा भी परिवार के लिए बड़ी राहत बन जाती है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना ऐसी ही योजना है, जिसने ग्राम बहरावदा निवासी श्री बनवारी सुमन के परिवार को संकट की घड़ी में आर्थिक सहारा प्रदान किया।
स्वर्गीय श्रीमती कुंती बाई पत्नी श्री बनवारी सुमन का बचत खाता भारतीय स्टेट बैंक की स्टेशन रोड श्योपुर शाखा में था। उन्होंने अपने बैंक खाते के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का बीमा कवर लिया था। इसके लिए वे सालाना 436 रुपये का प्रीमियम जमा करती थीं।
करीब एक वर्ष पूर्व सर्पदंश के कारण श्रीमती कुंती बाई का असामयिक निधन हो गया। परिवार के लिए यह बेहद कठिन समय था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना उनके परिवार के लिए आर्थिक संबल बनकर सामने आई।
योजना के तहत श्री बनवारी सुमन को नॉमिनी के रूप में बीमा क्लेम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भारतीय स्टेट बैंक, स्टेशन रोड शाखा श्योपुर द्वारा श्री बनवारी सुमन को ’’2 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक’’ प्रदान किया गया।
छोटी बचत, बड़ी सुरक्षा
सालाना 436 रुपये के प्रीमियम से प्राप्त 2 लाख रुपये की बीमा राशि ने आर्थिक कठिनाई के दौर में परिवार को महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की। यह उदाहरण बताता है कि आकस्मिक परिस्थितियों में बीमा सुरक्षा परिवार के लिए कितना उपयोगी साबित हो सकती है।
श्री बनवारी सुमन ने बताया कि परिवार पर आए संकट के समय बीमा राशि मिलने से उन्हें काफी सहारा मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जैसी जनकल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना’’ पात्र बचत खाताधारकों को निर्धारित वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का जीवन बीमा कवर उपलब्ध कराती है। बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर योजना की निर्धारित शर्तों एवं पात्रता के अनुसार नॉमिनी को बीमा राशि का भुगतान किया जाता है।
यह कहानी इस बात का उदाहरण है कि बैंक खाते से जुड़ा कम लागत वाला बीमा कवर, विपरीत परिस्थितियों में परिवार के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सुरक्षा बन सकता है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur