
बनभूलपुरा में सट्टा खिलाते युवक को पुलिस ने दबोचा, नकदी व सट्टा सामग्री बरामद
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस द्वारा जनपद में सट्टा और जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने एक युवक को सट्टा खिलाते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकदी सहित सट्टा सामग्री बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी।
इसी दौरान 23 जून 2026 को गौला पार्किंग, बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस ने सलमान (28 वर्ष) पुत्र सलीम, निवासी गफूर बस्ती, बनभूलपुरा को सार्वजनिक स्थान पर सट्टे की खाई-बाड़ी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सट्टा पर्ची, पेन, गत्ता तथा 1,310 रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में मु0अ0सं0 103/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम में कांस्टेबल मोहम्मद यासीन एवं कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध सट्टा, जुआ एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।