
#प्रयागराज: दो दिन से लापता साइकिल मिस्त्री का कुएं में मिला शव, इलाके में मचा हड़कंप!
_____दिनांक 10 सितंबर 2026____
#प्रयागराज। मांडा थाना क्षेत्र के चकडीहा गांव में दो दिन से लापता 42 वर्षीय साइकिल मिस्त्री निजामुद्दीन का शव बुधवार सुबह एक पुराने कुएं में मिला। शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया।
#जानकारी के अनुसार, निजामुद्दीन पुत्र अब्दुल खालिद चिलबिला में साइकिल मरम्मत की दुकान चलाते थे। सोमवार रात करीब सात बजे वह दुकान से घर जाने के लिए निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और मंगलवार को पुलिस को सूचना दी।
#बुधवार सुबह करीब सात बजे उनकी बड़ी भाभी मोहिशा घर के बाहर सफाई कर रही थीं। कुएं से बदबू आने पर उन्होंने अंदर झांका तो निजामुद्दीन का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
#ग्रामीणों के मुताबिक, यह कुआं करीब दो दशक से उपयोग में नहीं था। आसपास के लोग उसमें कूड़ा डालते थे और लगातार बारिश के कारण कुआं पानी से भर गया था। कुएं के आसपास सुरक्षा घेरा भी नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि अंधेरे में घर लौटते समय निजामुद्दीन कुएं में गिर गए।
#शव मिलने के बाद पत्नी शमीना बेगम और बेटे कैफ व सैफ का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा के अनुसार, परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।
#Prayagraj #Manda #PrayagrajNews #UttarPradesh #BreakingNews