
जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के पास डोभी-पटना फोरलेन पर बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे कार और ट्रक की भीषण टक्कर में दो लोगों की जिंदा जलकर मौ# त हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाद से लदा दस चक्का ट्रक सर्विस लेन से विपरीत दिशा में फोरलेन पर चढ़ रहा था। इसी दौरान डोभी से पटना की ओर तेज रफ्तार से जा रही कार ट्रक के डीजल टैंक से टकरा गई। टक्कर के बाद डीजल टैंक फट गया और दोनों वाहनों में आग लग गई। कुछ ही क्षणों में कार आग का गोला बन गई, जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। गुरुवार सुबह जेसीबी और क्रेन की मदद से जले हुए वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों और घायल की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। घटनास्थल से कार में शराब की कुछ खाली बोतलें भी मिली हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ मृतकों की पहचान और फरार ट्रक चालक व खलासी की तलाश में जुटी है। #bdbiharjharkhand