अयोध्या में लेखपाल की हिरासत के विरोध में गरजे लेखपाल, मिर्जापुर में थाना दिवस का बहिष्कार कर किया धरना-प्रदर्शन
मिर्जापुर। अयोध्या में लेखपाल को कथित रूप से गलत तरीके से हिरासत में लिए जाने के विरोध में लेखपाल संघ ने शनिवार को मिर्जापुर समेत प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया। मिर्जापुर की तहसीलों में लेखपालों ने थाना दिवस का बहिष्कार करते हुए सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।
धरने के दौरान लेखपालों ने अयोध्या प्रकरण में कार्रवाई का विरोध जताते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच और लेखपाल के साथ न्याय की मांग की। लेखपाल संघ के आह्वान पर हुए प्रदर्शन के चलते तहसील परिसर में काफी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि लेखपालों के सम्मान और अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर आगे भी आंदोलन को लेकर निर्णय लिया जा सकता है।