
अदरा नक्षत्र के आठवें दिन देव सूर्य मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, सूर्य कुंड में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
देव (औरंगाबाद)
अदरा नक्षत्र के आठवें दिन विश्व प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बिहार, झारखंड सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र सूर्य कुंड एवं रुद्रकुंड में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि तथा मंगलकामना की।मंदिर परिसर और सूर्य कुंड क्षेत्र श्रद्धालुओं से पूरी तरह भरा रहा। लंबी कतारों में खड़े होकर श्रद्धालुओं ने अपनी बारी का इंतजार किया। अदरा नक्षत्र के अवसर पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु देव पहुंचते हैं, लेकिन इस बार आठवें दिन भी ऐतिहासिक भीड़ देखने को मिली। आम तौर पर रविवार को देव सूर्य मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ होती है लेकिन अदरा नक्षत्र को लोकर यह भीड़ चार गुना अधिक दिखा। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मंदिर परिसर, सूर्य कुंड और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए थे। पूरे दिन जय सूर्य भगवान के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
इस नक्षत्र को कृषि, मानसून की शुरुआत और धरती के नवजीवन के लिए बेहद शुभ माना जाता है।सांस्कृतिक महत्व है कि यह नक्षत्र मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी भारत में मानसून के आगमन का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर ' अदरा थाली की परंपरा निभाई जाती है, जिसमें मुख्य रूप से खीर और दाल-पूरी का भोग लगाया जाता है। यह अच्छी फसल और समृद्धि की कामना के लिए किया जाता है।
Deo, Aurangabad | Jun 28, 2026