
*सर्वाइकल कैंसर के प्रति महिलाओं को किया जागरूक*
*विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर में स्वास्थ्य अधिकारों और कानूनी सहायता की दी जानकारी*
बलिया। माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया श्री अनिल कुमार झा के आदेश के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में मंगलवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, काजीपुरा, बलिया में सर्वाइकल कैंसर विषय पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव (पूर्ण कालिक) श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी ने की। शिविर में उपस्थित महिलाओं एवं आमजन को संबोधित करते हुए श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी ने सर्वाइकल कैंसर के कारणों, प्रमुख लक्षणों, बचाव के उपायों तथा समय रहते जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर जांच के माध्यम से इस बीमारी के गंभीर परिणामों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों तथा जरूरतमंद लोगों के लिए उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में भी जानकारी प्रदान की। साथ ही, किसी भी प्रकार के असामान्य स्वास्थ्य लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए उपस्थित लोगों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकीय विशेषज्ञों द्वारा भी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई तथा लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रोत्साहित किया गया। शिविर में डॉक्टर शुभम श्रीवास्तव, पैरालीगल वालेन्टियर्स श्री कृष्णानन्द चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं आमजन को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
Ballia, Ballia | Oct 6, 2026