भरत तिवारी प्रकरण की सीबीआई जांच हो, परिजनों को मिले एक करोड़ रुपये की सहायता : ब्राह्मण समाज
शाहजहांपुर। बिहार में भरत तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में हुई मृत्यु के विरोध में सोमवार को ब्राह्मण समाज समिति के पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मामले की सीबीआई जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की गई।इस दौरान ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विजय पाठक ने कहा कि यह मामला गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं अधिवक्ता राजेश अवस्थी ने घटना को फर्जी एनकाउंटर बताते हुए दोषियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। हरिशरण बाजपेयी ने कहा कि ब्राह्मण समाज अब चुप नहीं बैठेगा और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।