
हत्या मामले में भुना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार
युवक का अपहरण कर मारपीट के बाद हत्या करने के मामले में त्वरित कार्रवाई
अन्य नामजद व अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी, पुलिस रिमांड लेकर होगी पूछताछ
भुना, 03 जून। थाना भुना पुलिस ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खेड़ी चौक भुना निवासी प्रवेश उर्फ मिचू, कार्तिक उर्फ कारु, दीपक उर्फ बिल्ला, संजय उर्फ चिड़ीमार तथा अमन के रूप में हुई है। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
थाना भुना प्रभारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि वार्ड नंबर 5 भुना निवासी कृष्ण पुत्र बन्ता राम ने शिकायत दी थी कि उसका भतीजा सचिन पुत्र राजबीर अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। इसी दौरान कई मोटरसाइकिलों पर सवार आरोपियों ने उसका पीछा किया तथा उसे जबरन अपने कब्जे में लेकर चले गए। आरोप है कि आरोपियों ने सचिन के साथ गंभीर मारपीट की और घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन सचिन को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हिसार रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिकायत के आधार पर थाना भुना में अभियोग संख्या 136 दिनांक 03.06.2026, धारा 140(3), 189(2), 190, 191(3), 103(1), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को काबू कर लिया।
मामले में नामजद अन्य आरोपियों तथा अज्ञात व्यक्तियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा किया जा सके। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।