
छत्तीसगढ़ में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला भाजपा की अंतर्कलह खुलकर सामने आ गई है। जिले के प्रवास पर पहुंचे प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा की मौजूदगी में ही शहर मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश बानी ने समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल को इस्तीफा सौंप दिया। विवाद की मुख्य वजह हाल ही में गणेश विसर्जन के दौरान पुलिस-प्रशासन द्वारा कथित अभद्रता और धुमाल वाहन की जब्ती रही। कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री के सामने यह मुद्दा उठाया था, लेकिन तत्काल कोई समाधान न निकलने से नाराज बानी ने यह कड़ा कदम उठाया।
आगामी नगर पालिका चुनाव से ठीक पहले हुए इस अप्रत्याशित इस्तीफे ने संगठन में खलबली मचा दी है। कार्यकर्ताओं की अनदेखी और प्रशासनिक रवैये से उपजा यह असंतोष पार्टी के लिए खतरे की घंटी माना जा रहा है। हालांकि संगठन ने अब तक इस्तीफा स्वीकार किए जाने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन अब सबकी निगाहें इस पर हैं कि शीर्ष नेतृत्व समय रहते डैमेज कंट्रोल कर पाता है या यह सियासी चिंगारी आगामी चुनावों में पार्टी की राह मुश्किल करेगी।
#ChhattisgarhNews #BJPChhattisgarh #SarangarhBilaigarh #CGPolitics #PoliticalNews #BreakingNews #FatafatNews