
कैलारस में स्थापित होगी महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा। कलेक्टर ने दी प्रशासनिक स्वीकृति👇
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने नगर परिषद कैलारस के वार्ड क्रमांक 4 स्थित शास्त्री मार्ग (कुआं) पर महाराजा अग्रसेन की पीतल की प्रतिमा स्थापित किए जाने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
नगर परिषद कैलारस द्वारा जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा), मुरैना के माध्यम से प्रतिमा स्थापना संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था। प्रकरण का विधिवत परीक्षण तथा संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से प्राप्त प्रतिवेदनों के अवलोकन उपरांत मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रतिमा स्थापना की अनुमति प्रदान की गई है।
जारी आदेश के अनुसार महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा निर्धारित स्थल पर ही स्थापित की जाएगी तथा उसका स्वरूप प्रस्ताव के साथ संलग्न स्वीकृत चित्र के अनुरूप रहेगा। प्रतिमा की स्थापना, संरक्षण एवं नियमित देखरेख की संपूर्ण जिम्मेदारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर परिषद कैलारस की होगी।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रतिमा स्थापना के दौरान तथा उसके पश्चात यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक सावधानियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही प्रतिमा स्थल के रखरखाव, स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
कलेक्टर जांगिड़ ने संबंधित अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन करते हुए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।