
पटना से घर लौट रही एएनएम छात्रा की लखीसराय स्टेशन पर मौत, परिवार में मचा कोहराम
लखीसराय। रविवार की रात लखीसराय रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में एएनएम की छात्रा राखी कुमारी की जान चली गई। ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मृतका की पहचान शहर के नया बाजार स्थित दुर्गा गर्ल्स स्कूल के समीप वार्ड संख्या-26 निवासी बबलू कुमार वर्मा की पुत्री राखी कुमारी के रूप में हुई है। वह एएनएम की पढ़ाई कर रही थीं और पटना से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान लखीसराय रेलवे स्टेशन पर यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन की चपेट में आने से राखी के सिर में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
राखी कुमारी का सपना स्वास्थ्य विभाग में सेवा देने का था। उनकी असमय मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घर पर चीख-पुकार का माहौल है, जबकि उनके साथ पढ़ने वाली छात्राएं और परिचित भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पूरे इलाके में इस हादसे को लेकर शोक व्याप्त है।