
आगर में जुए के अड्डे पर पुलिस की दबिश, 10 जुआरी गिरफ्तार
तनोडिया-खेमा खेड़ी रोड पर खंडहरनुमा स्थान से ₹16,750 नकद सहित ₹56,750 का मशरूका जब्त
आगर-मालवा। जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आगर पुलिस ने तनोडिया में जुए के अड्डे पर कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से ₹16,750 नकद, 4 एंड्राइड मोबाइल फोन और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। जब्त मशरूके की कुल कीमत ₹56,750 बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 6-7 अक्टूबर की दरमियानी रात पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया को सूचना मिली थी कि तनोडिया-खेमा खेड़ी रोड स्थित गिट्टी मशीन के पास एक खंडहरनुमा स्थान पर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर सहायक उप निरीक्षक कमल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने मौके से 10 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जगदीश बागरी, भुरु अजीज खान, राजू मुंशी फकीर, तेजू मायाराम चंद्रवंशी, धना पूरागी , बाबू गंगाराम सूर्यवंशी, नौशाद गनी खान, जितेंद्र मदनलाल सूर्यवंशी, वकील जी खान और पप्पू नग्गाजी मालवीय, सभी निवासी तनोडिया, जिला आगर-मालवा के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली आगर में मध्यप्रदेश पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस के मुताबिक लागू कानूनी प्रावधानों के तहत आरोपियों को नोटिस तामील कर जांच में शामिल किया गया है। कार्रवाई में पुलिस सहायता केंद्र तनोडिया प्रभारी एएसआई कमल सिंह राठौड़ सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।