
सीआईएससीई की अंतर विद्यालयीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, गुरुकुल एकेडमी बनी मेजबान
पलिया कलां। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) द्वारा आयोजित जोनल अंतर विद्यालयीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुकुल एकेडमी, पलिया कलां में हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न सीआईएससीई संबद्ध विद्यालयों की अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
प्रतियोगिता के लिए सभी खिलाड़ियों का पंजीकरण पूर्ण कर लिया गया है। गुरुकुल एकेडमी परिवार ने विभिन्न विद्यालयों से पहुंची प्रतिभागी छात्राओं, प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। मेजबान संस्था होने के नाते विद्यालय द्वारा खिलाड़ियों के लिए खेल मैदान, आवास, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
विद्यालय प्रबंधक मुकेश अग्रवाल एवं विद्यालय अध्यक्ष वीरेन्द्र शुक्ला ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करती हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमें अगले स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होंगी। प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है और सभी खिलाड़ी पूरे जोश एवं उमंग के साथ मुकाबलों में हिस्सा ले रही हैं। #Facebookviralreels #followers #highlights #school #gurucool