
टायर चोरी मामले में फरार उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार, कुमारसैन पुलिस की बड़ी कार्रवाई
शिमला। जिला शिमला पुलिस ने चोरी के एक पुराने मामले में फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने 21 जून 2026 को दलीप सिंह उर्फ दीपु (43 वर्ष) निवासी गांव भुट्टी, तहसील कुमारसैन, जिला शिमला को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 41/2017 दिनांक 10 अप्रैल 2017 को थाना नारकंडा में धारा 379 भारतीय दंड संहिता के तहत टायर चोरी का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच पूरी होने के बाद न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया, लेकिन आरोपी लगातार अदालत की कार्यवाही से अनुपस्थित रहा और न्यायालय के समक्ष पेश नहीं हुआ।
न्यायालय में बार-बार गैरहाजिर रहने के चलते माननीय एसीजेएम, रामपुर ने 24 जनवरी 2026 को आरोपी को उद्घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित कर दिया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस थाना कुमारसैन की टीम लगातार प्रयासरत थी। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपी का पता लगाकर 21 जून 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय एसीजेएम, रामपुर के समक्ष पेश किया जाएगा।
जिला पुलिस शिमला ने स्पष्ट किया है कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और फरार आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए निरंतर अभियान चला रही है।
Dharmpur, Mandi | Jun 22, 2026