#भरतपुर। जिले के नदबई-खेरली सड़क मार्ग पर शनिवार शाम को एक सवारियों से भरा थ्री-व्हीलर टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा कोलूपुरा गांव के पास हुआ, जब अचानक सामने आई एक भैंस को बचाने के चक्कर में टेम्पो ड्राइवर संतुलन खो बैठा। इस दुर्घटना में नदबई के कटारा गांव निवासी रामकिशन (65) और वीरी सिंह (55) टेम्पो के नीचे फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने मशक्कत कर दोनों बुजुर्गों को बाहर निकाला और निजी वाहनों से नदबई के राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों घायलों के हाथों में फ्रैक्चर आया है और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भरतपुर रेफर कर दिया गया है।