आंगनवाड़ी केंद्र गुलांगड़ा में समर बाल मेला आयोजित
चिन्तपूर्णी ।। News123 ।। आंगनवाड़ी केंद्र गुलांगड़ा में समर बाल मेला बड़े उत्साह और आकर्षक ढंग से आयोजित किया गया। मेले में बच्चों के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से बच्चों को नई-नई जानकारियां प्राप्त करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं हेल्पर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मेले में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों में अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
ग्राम पंचायत स्वाणा के प्रधान मुकेश कुमार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, हेल्पर तथा सभी बच्चों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने में सहायक सिद्ध होते हैं।