खजियार की प्राकृतिक सुंदरता देखकर रोमांचित हुए लव फन लर्न स्कूल के विद्यार्थी
नोखा। लव फन लर्न स्कूल, नोखा के विद्यार्थियों का पाँच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण उत्साह और रोमांच के साथ जारी है। भ्रमण के तीसरे दिन विद्यार्थियों ने हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजियार का भ्रमण किया, जिसे प्राकृतिक सुंदरता के कारण “भारत का मिनी स्विट्जरलैंड” भी कहा जाता है।
हरे-भरे मैदानों, देवदार के घने पेड़ों और मनमोहक पहाड़ी वादियों से घिरे खजियार का अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य देखकर सभी विद्यार्थी बेहद उत्साहित और रोमांचित नजर आए। विद्यार्थियों ने प्रकृति के मनोरम दृश्यों का आनंद लिया तथा विभिन्न स्थानों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को खजियार की भौगोलिक एवं प्राकृतिक विशेषताओं से अवगत कराया। इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई के साथ-साथ प्रकृति और पर्यावरण को करीब से समझने का अवसर भी मिला।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुभव और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।