
15 साल से फरार फिरौती कांड के दो आरोपी गिरफ्तार
'ऑपरेशन हवालात' के तहत देवास पुलिस की बड़ी सफलता, न्यायालय में किया पेश
देवास। देवास पुलिस ने 'ऑपरेशन हवालात' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फिरौती के लिए अपहरण के मामले में करीब 15 वर्षों से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे।
पुलिस के अनुसार थाना औद्योगिक क्षेत्र के अपराध क्रमांक 02/2011 में धारा 364(ए) एवं 34 के तहत दर्ज मामले के आरोपी बाईसराम पिता प्रहलाद सिंह चिराड़ निवासी ग्राम बघेरा, जिला शिवपुरी तथा कल्ली पिता भारत सिंह गुर्जर निवासी सूरजपुरा, जिला ग्वालियर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन हवालात' के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह वर्धमान, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन एवं थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
4 जुलाई 2026 को मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने शिवपुरी और ग्वालियर में दबिश देकर दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें देवास लाकर न्यायालय में पेश किया गया।
ऑपरेशन हवालात की उपलब्धि
देवास पुलिस के अनुसार 1 नवंबर 2024 से संचालित 'ऑपरेशन हवालात' के तहत अब तक 1,340 फरार, स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन पर कुल 1 लाख 96 हजार 500 रुपये का इनाम घोषित था।