
वोल्वो बस में नशे की बड़ी खेप बरामद, STF ने 2.006 किलो चरस के साथ हरियाणा का आरोपी दबोचा
न्यूज़ टुडे हिमाचल | मंडी
हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का अभियान लगातार तेज़ी से जारी है। मुख्यमंत्री के "चिट्टा-मुक्त हिमाचल" जन-अभियान के तहत रविवार को STF मंडी टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मनाली–हरिद्वार रूट पर चल रही वोल्वो बस से 2.006 किलोग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में हरियाणा निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, STF मंडी की टीम नियमित गश्त और निगरानी के दौरान मनाली–हरिद्वार रूट पर संचालित वोल्वो बस की जांच कर रही थी। इसी दौरान बस में सफर कर रहे एक संदिग्ध यात्री की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2.006 किलो चरस बरामद हुई। बरामदगी के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में STF के नवस्थापित पुलिस थाना मंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि चरस की खेप कहां से लाई गई थी, इसे किसे पहुंचाया जाना था, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन की कड़ियां क्या हैं।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आम जनता, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि यदि उन्हें नशे की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत 112 या अपने नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
#BreakingNews #Mandi #STF #HimachalPolice #Charas #DrugBust #NDPSAct #ChittaMuktHimachal #CrimeNews #NewsTodayHimachal