
हरियाणा के एकमात्र शक्तिपीठ श्री देवीकूप भद्रकाली मंदिर में आज हरियाणा सरकार में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा शनिवार के विशेष दिन माँ भद्रकाली की पूजा करने पहुंचे । शक्तिपीठ में सर्वप्रथम मुख्य पुजारिन माताजी शिमला देवी के द्वारा माननीय मंत्री का शक्तिस्थल श्री देवीकूप पहुंचने पर स्वागत किया गया । ततपश्चात माननीय श्याम सिंह की मंत्रोचारण व पान पत्तों व पुष्पों के साथ श्री देवीकूप पर पूजा करवाई गई । शिमला देवी ने माननीय राणा जी को माता की लाल शक्ति चुनरी व पुष्प माला से आशीर्वाद दिया । श्री देवीकूप की परिक्रमा उपरांत वे माँ भद्रकाली के गर्भगृह में माथा टेकने पहुंचे । मुख्य दरबार में गर्भगृह में माँ भद्रकाली का आहवान कर उनके द्वारा षोडशोपचार मन्त्रों के साथ माँ का भाव-भक्तिपूर्ण पूजन किया गया । माँ को पुष्प की माला अर्पित की गई । माननीय कृषि मंत्री ने पंचदीप पात्र से भव्य आरती की । तत्पश्चात मंदिर परिक्रमा में महालक्ष्मी मंदिर व महासरस्वती मंदिर में पूजा की । उन्होने भक्ति-भाव के साथ माँ का पूजन, अर्चन और दर्शन किया और शक्तिपीठ परिक्रमा भी की । पीठाध्यक्ष पंडित सतपाल शर्मा ने उन्हें मंदिर में पूजनीय माताओं को समर्पित "महागौरव स्थल" के निर्माण के बारे मे भी जानकारी दी l माननीय मंत्री ने कहा कि वे पहले भी मां भद्रकाली का आशीर्वाद लेने आते रहे हैं । यहां आकर उन्हें परम सुख और शांति का अनुभव होता है । उन्होंने कहा कि माँ उन्हें मातृ सेवा का सौभाग्य प्रदान करती रहें वे ऐसे ही माँ से कामना करते हैं । मंत्री ने मंदिर व्यवस्था और मंदिर में धार्मिक माहौल की प्रशंसा करते हुए पीठाध्यक्ष को बधाई दी । इस मौके पर एम के मोदगिल, देवेंद्र गर्ग, सुनील वर्मा, रामपाल लाठर ,ममता रानी, इत्यादि सेवक भी मौजूद रहे ।
Ambala, Ambala | Nov 4, 2026