
देवरिया: मईल बाजार के बरनवाल मेडिकल स्टोर पर औषधि निरीक्षक की छापेमारी, 13 दवाओं के क्रय-विक्रय पर रोक
#देवरिया। जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में औषधि निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह ने मईल बाजार स्थित बरनवाल मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल स्टोर में कई अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान की प्रोपराइटर अर्चना बरनवाल अनुपस्थित मिलीं। जांच में नियमित विक्रय अभिलेख एवं कैश मेमो जारी नहीं किए जाने की बात सामने आई। शिड्यूल एच एवं एच-1 श्रेणी की औषधियों का रिकॉर्ड भी मौके पर उपलब्ध नहीं था।
इसके अलावा कालातीत (Expired) दवाओं को अलग रखने के लिए निर्धारित लेबल नहीं लगाया गया था। पशुओं की दवाओं के लिए भी पृथक भंडारण और निर्धारित लेबल की व्यवस्था नहीं मिली। कम तापमान पर रखी जाने वाली औषधियों के लिए फ्रिज की व्यवस्था भी नहीं पाई गई।
डॉक्टर के पर्चे पर दी जाने वाली औषधियों का विक्रय अभिलेख भी मौके पर उपलब्ध नहीं था। औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर से तीन औषधियों के नमूने लेकर राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
मेडिकल स्टोर में भंडारित 13 औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए संचालक को निर्देशित किया गया है। सामने आई कमियों के आधार पर मेडिकल स्टोर पर औषधियों के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई है।
निरीक्षण की आख्या अग्रिम कार्रवाई के लिए सहायक आयुक्त (औषधि), गोरखपुर मंडल, गोरखपुर को भेज दी गई है।