
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
**जीयाबेरी/बावरली।** बावरली-बम्बोर सड़क मार्ग पर रविवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान उटाम्बर निवासी **रूघाराम जाट पुत्र मगनाराम जाट** के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार रूघाराम जाट किसी कार्य से बाइक पर बावरली-बम्बोर सड़क मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमाराम पालियाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल रूघाराम को तत्काल अपनी व्यवस्था से जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल में बड़ी संख्या में रिश्तेदार एवं परिचित भी पहुंच गए। सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।