
कटिहार में नौकरी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, एसपी बोले- मामला दर्ज, जांच जारी
कटिहार में घर से नाराज होकर रेलवे स्टेशन पहुंची 22 वर्षीय युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप सामने आया। आरोप है कि 22 सितंबर को रेलवे स्टेशन पर युवती की मुलाकात एक लोको पायलट से हुई। उसने नौकरी दिलाने की बात कहकर युवती को सहायक थाना क्षेत्र के बरमसिया मोहल्ले स्थित अपने किराए के मकान पर ले गया, जहां युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने कुछ परिचितों को भी वहां बुलाने की कोशिश की। इसी दौरान युवती किसी तरह मकान से बाहर निकली और शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने महिला थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। अब इस मामले में कटिहार एसपी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर महिला थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। CCTV फुटेज, फॉरेंसिक टीम और अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया गया है। एसपी ने कहा कि आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।