
मिशन मैदान 2.0 के तहत नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, ड्रोन से हो रही निगरानी
पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन के आदेशों पर चलाए जा रहे “मिशन मैदान 2.0” अभियान के तहत जिला यमुनानगर पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिले की विभिन्न पुलिस टीमों द्वारा ड्रोन तकनीक के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि NDPS एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों को पकड़ने तथा नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से सभी अपराध शाखाओं, थाना प्रभारियों और पुलिस चौकियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत थाना सदर यमुनानगर, पुलिस चौकी अर्जुन नगर तथा सेक्टर-17 हुड्डा पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कई संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान खेतों, जंगलों, सुनसान इलाकों तथा संदिग्ध स्थानों पर ड्रोन कैमरों की सहायता से निगरानी की गई। ड्रोन तकनीक के उपयोग से उन स्थानों पर भी नजर रखी जा रही है, जहां सामान्य तौर पर पुलिस की पहुंच सीमित रहती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन से प्राप्त तस्वीरों और सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान में थाना प्रभारी सदर यमुनानगर कमलजीत सिंह, थाना प्रभारी हुड्डा प्रमोद कुमार तथा अर्जुन नगर चौकी इंचार्ज रजत सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से नशा तस्करों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिल रही है और अपराधियों में पुलिस कार्रवाई का भय बना हुआ है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि उन्हें अपने आसपास नशे की बिक्री, तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।