सेवा संकल्प अभियान: NSS इकाई ने राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस पर मनाया 'आंगन मिलन समारोह', खाद्य एवं पठन सामग्री का किया वितरण
..
राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, विदिशा में सेवा संकल्प अभियान के तहत ' आंगन मिलन समारोह' का आयोजन किया गया। इस क्रम में महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई ने 24 सितंबर को NSS दिवस के अवसर पर अपने गोद ग्राम रंगई में ' एक दिवसीय कैंप' लगाकर विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया। पूरा कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ बी डी अहिरवार के मार्गदर्शन एवं विशेष सहयोग से संपन्न हुआ।
अभियान के तहत NSS स्वयंसेविकाओं ने रंगई स्थित आंगनबाड़ी में पहुंचकर बच्चों और महिलाओं को तथा शासकीय माध्यमिक शाला के छात्र-छात्राओं को पौष्टिक खाद्य सामग्री जैसे फल, चना, बिस्किट आदि का वितरण किया। इसके साथ ही बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए पठन सामग्री—पुस्तकें, कलर बुक, रंग, पेन और डायरी आदि भी बांटी गईं
कार्यक्रम के दौरान सेवा सदन नेत्र हॉस्पिटल से श्री रविन्द्र रघुवंशी द्वारा आंगनबाड़ी और स्कूल दोनों स्थलों पर निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 35 बच्चों और 11 स्कूल एवं आंगनवाड़ी स्टाफ की आंखों की जांच की गई। वहीं, प्रथम वर्ष की NSS स्वयंसेविकाओं ने स्कूल के बच्चों के समक्ष ‘नशामुक्त भारत-विकसित भारत’ विषय पर एक विचारणीय और प्रेरक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने स्वयंसेविकाओं के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में समाज सेवा और मानवीय मूल्यों की भावना मजबूत होती है। इस अवसर पर NSS प्रोग्राम ऑफिसर डॉ शांता अहिरवार एवं श्रीमती नीतू दांगी साथ NSS स्वयंसेविकाएं, शाला व आंगनबाड़ी का स्टाफ और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। #Vidisha #JansamparkMP
Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 26, 2026