ग्वालियर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिजौली थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने सूरजपुर पहाड़िया क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सत्यभान गुर्जर निवासी पारसेन के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि उसके खिलाफ डकैती समेत कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इतना ही नहीं, भिंड जिले के एक मामले में उसके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट भी जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर हथियार जब्त कर लिया है। अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था और उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।