
विकेश चौहान ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर चमकने की दी शुभकामनाएं
- फाउंडेशन ने खेलों के विकास के लिए 1 लाख और खेलो इंडिया रामपुर को 50 हजार रूपये दिये
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर: हिमाचल प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा ज्यूरी में आयोजित सब-जूनियर बालक एवं बालिका राज्य बॉक्सिंग चैंपियनशिप के समापन समारोह में मुख्य अतिथि विकेश चौहान (गिन्नी), चेयरमैन हिमकॉन और संस्थापक हिमालयन स्पोर्ट्स एंड वेलफेयर फाउंडेशन उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और नेशनल गेम्स के लिए शुभकामनाएं दीं और विजेताओं के साथ-साथ इस बार पदक न जीत सकने वाले खिलाड़ियों का भी उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि हार सफलता की पहली सीढ़ी है तथा मेहनत, अनुशासन और समर्पण से बेहतर परिणाम संभव हैं। मुख्यमंत्री के संदेश के माध्यम से सुख आश्रय योजना और प्रदेश सरकार के वंचित बच्चों के कल्याण के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला गया। अशोका बॉक्सिंग अकादमी, ज्यूरी के खिलाड़ी, प्रशिक्षक व प्रबंधन को विशेष रूप से सराहा गया और भविष्य में सहयोग का आश्वासन दिया गया। हिमालयन स्पोर्ट्स एंड वेलफेयर फाउंडेशन ने खेलों के विकास हेतु 1 लाख तथा खेलो इंडिया रामपुर को 50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की। विजेताओं को पुरस्कार, पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में महिला मंडलों की रस्साकशी प्रतियोगिता में विजेता मंडल का भी सम्मान किया गया। आयोजन में प्रशिक्षक, अभिभावक, महिला मंडल और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हिमालयन स्पोर्ट्स एंड वेलफेयर फाउंडेशन के बोर्ड डायरेक्टर अजय ठाकुर (पिंकू) एवं उषा शर्मा, डी.जे.नेशन के संस्थापक साहिल सागर तथा फाउंडेशन के अन्य सभी सदस्य भी उपस्थित रहे।
Rampur, Shimla | Jun 19, 2026