
कुसमानिया में जन-विश्वास शिविर, मौके पर सुलझाईं लोगों की समस्याएं
विधायक आशीष शर्मा और कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सुनीं शिकायतें, लंबित आवेदनों के निराकरण के निर्देश
देवास। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कन्नौद विकासखंड के ग्राम कुसमानिया में शिविर आयोजित किया गया। यहां खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, कलेक्टर ऋतुराज सिंह और जिला पंचायत सीईओ नवनीत कुमार धुर्वे ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने आगामी रबी सीजन में फसलों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की बात भी कही।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिन आवेदनों का तकनीकी या नीतिगत कारणों से तत्काल समाधान नहीं हो सका, उन्हें सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है।
शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान अपर कलेक्टर संजीव जैन, एएसपी सौम्या जैन सहित विभागीय अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।