
कुएं के पास मिले जूते-चप्पल, फिर कुएं से निकला 48 वर्षीय व्यक्ति का शव; गले में पत्थर बंधा गमछा मिलने से उठे सवाल
अनूपपुर। जिले के करनपठार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरी में शनिवार सुबह कुएं से 48 वर्षीय रमेश सिंह, पिता लामू सिंह, का शव बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि रमेश सिंह के लापता होने की सूचना के बाद कुएं के पास उनके जूते-चप्पल मिले, जिसके बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, थाना करनपठार से शनिवार सुबह करीब 7:10 बजे रमेश सिंह के लापता होने की सूचना मिली थी। जिला सेनानी के निर्देश पर प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी के नेतृत्व में एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की टीम सुबह करीब 7:30 बजे जिला मुख्यालय से घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल जिला मुख्यालय से करीब 90 किलोमीटर दूर बताया गया।
रेस्क्यू टीम ने सुबह करीब 9:25 बजे कुएं में बचाव अभियान शुरू किया और लगभग 10 मिनट में शव को बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान मृतक के गले में पत्थर बंधा गमछा फंसे होने की बात भी सामने आई है, जिसके बाद घटना की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और गले में पत्थर बंधा गमछा कैसे मिला, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। शव को परिजनों की मौजूदगी में पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
#अनूपपुर #करनपठार #देवरी #MadhyaPradesh #BSP24News