
#सांचौर: ANTF की बड़ी कार्रवाई: 135 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
सांचौर, 17 जून। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जालौर जिले के चितलवाना थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 135 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (MD) बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त एक स्कूटी भी जब्त की गई है।
ANTF टीम को सूचना मिली थी कि चितलवाना थाना क्षेत्र के डावल निवासी एक व्यक्ति स्कूटी के माध्यम से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की सप्लाई करने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने सांचौर क्षेत्र के आमली गांव के आसपास निगरानी शुरू की। इस दौरान संदिग्ध स्कूटी सवार को रोककर पूछताछ की गई तो वह घबराया हुआ दिखाई दिया।
स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाकर तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 135 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ एवं स्कूटी को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश पुत्र पाबूराम उर्फ प्रकाश विश्नोई (24 वर्ष), निवासी डावल, थाना चितलवाना, जिला जालौर के रूप में हुई है।
ANTF के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि प्रदेशभर में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Sanchore, Jalor | Jun 17, 2026