
मेले में परिजनों से बिछड़ी किशोरी, मिशन शक्ति टीम ने परिवार से मिलाया
#देवरिया। मेले में परिजनों से बिछड़ी 16 वर्षीय किशोरी को महिला थाना और मिशन शक्ति टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित उसके परिवार से मिला दिया। सोमवार सुबह परिजनों के महिला थाने पहुंचने पर आवश्यक पूछताछ और काउंसलिंग के बाद किशोरी को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात महिला थानाध्यक्ष और मिशन शक्ति टीम भ्रमण पर थी। इसी दौरान मेले में एक किशोरी अपने परिजनों से बिछड़ी हुई मिली। उसकी सुरक्षा को देखते हुए पुलिस टीम उसे महिला थाने ले गई और संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की।
इस दौरान पता चला कि किशोरी खुखुंदू थाना क्षेत्र की निवासी है और वर्तमान में कोतवाली क्षेत्र में अपने मामा के घर रह रही थी। किशोरी से मिले मोबाइल नंबर के जरिए पुलिस ने उसकी मां से संपर्क कर उसके सुरक्षित होने की जानकारी दी। रात में आने-जाने का साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण मां ने सुबह थाने पहुंचने की बात कही। रातभर महिला पुलिस टीम ने किशोरी की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा।
काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा
20 अक्टूबर की सुबह किशोरी की मां, भाई और मामी महिला थाने पहुंचे। महिला थाना और मिशन शक्ति टीम ने किशोरी व परिजनों की काउंसलिंग की। पहचान की पुष्टि होने के बाद किशोरी को सकुशल परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने परिजनों को मेले सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों के साथ सतर्क रहने की सलाह दी। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
Barhaj, Deoria | Oct 20, 2026