
#गुना - क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय में आठ दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का भव्य समापन
गुना। क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित आठ दिवसीय दीक्षारंभ (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का समापन उत्साह पूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रेरणादायक एवं मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। मधुर संगीत की धुनों पर विद्यार्थियों ने आनंदपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। समारोह में आयोजित टैलेंट हंट प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विश्वविद्यालय के वालन्टीयर जिन्होंने पूरे आठ दिवसीय कार्यक्रम में स्वयंसेवक (वॉलंटियर) के रूप में अनुशासन, व्यवस्थापन एवं कार्यक्रम संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उन्हें भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. ए. के. मुदगल ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों से नियमित रूप से विश्वविद्यालय में अध्ययन करने तथा अनुशासन एवं समयपालन को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. डॉ. किशन यादव ने अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए तथा उन्हें जीवन में निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केवल शैक्षणिक अध्ययन ही नहीं, बल्कि खेल, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक अवसर का सकारात्मक रूप से लाभ उठाने का आह्वान किया। समापन अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हें शिक्षा, अनुशासन, संस्कार एवं उत्कृष्टता के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। आठ दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सह-पाठ्यक्रमीय अवसरों से परिचित कराने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास की सुदृढ़ आधारशिला रखी।
#Guna CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Krantivir Tatya Tope Vishwavidyalaya