#गुना - गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा: सांदीपनि विद्यालय मॉडल गुना में गुरु के महत्व पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित
मध्यप्रदेश शासन, स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार तथा जिला शिक्षा अधिकारी, गुना के मार्गदर्शन में सांदीपनि विद्यालय मॉडल, गुना में संचालित गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत आज तृतीय दिवस पर "गुरु का महत्व" विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। लगभग 15 विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से गुरु के महत्व, उनके मार्गदर्शन तथा जीवन निर्माण में उनकी भूमिका को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में कक्षा 10 के तेजस्व शर्मा ने प्रथम, कक्षा 11 की काम्या साहू ने द्वितीय तथा कक्षा 9 की विशाखा शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर उपप्राचार्य एवं साहित्य के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भाषण की विषयवस्तु, प्रभावी अभिव्यक्ति तथा गुरु के जीवन में महत्व को सारगर्भित रूप से समझाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सफल व्यक्ति के पीछे उसके गुरु का आशीर्वाद, मार्गदर्शन एवं ज्ञान का महत्वपूर्ण योगदान होता है।
विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को प्रभावी भाषण कला के महत्वपूर्ण सूत्र बताते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थी केवल विषय का गहन अध्ययन ही नहीं करते, बल्कि भविष्य में एक प्रभावशाली एवं सफल वक्ता बनने की दिशा में भी स्वयं को तैयार करते हैं। कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उत्साह एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना की गई।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Department of School Education, Madhya Pradesh
2 views | Guna, Madhya Pradesh | Jul 17, 2026