
राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की सहायता से नर्मदापुरम में स्थापित हो रहा आधुनिक पॉली हाउस
जिले में पुष्प खेती को मिलेगा नया आयाम
प्रगतिशील किसान मनीष लोवंशी करेंगे 10 हजार व.मी. से अधिक क्षेत्र में गुलाब एवं जरबेरा का व्यावसायिक उत्पादन
भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की योजना से जुड़कर नर्मदापुरम जिले के एक प्रगतिशील किसान ने आधुनिक बागवानी की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। जिले के सिवनी मालवा विकासखंड के ग्राम चौकीगंवा में आधुनिक पॉली हाउस परियोजना स्थापित की जा रही है, जिससे क्षेत्र में व्यावसायिक पुष्प उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना ग्राम चौकीगंवा निवासी प्रगतिशील किसान श्री मनीष लोवंशी, पिता श्री शंकरलाल लोवंशी द्वारा राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की सहायता से स्थापित की जा रही है। परियोजना के अंतर्गत 8,000 वर्गमीटर क्षेत्र में गुलाब तथा 2,600 वर्गमीटर क्षेत्र में जरबेरा के फूलों की व्यावसायिक खेती की जाएगी। आधुनिक तकनीक आधारित इस पॉली हाउस से उच्च गुणवत्ता वाले पुष्पों का उत्पादन संभव होगा, जिससे किसान की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।
उद्यानिकी विभाग की उप संचालक श्रीमती रीता उईके ने पॉली हाउस का निरीक्षण कर किसान को गुलाब एवं जरबेरा की वैज्ञानिक खेती, फसल प्रबंधन तथा उत्पादन तकनीकों के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने आधुनिक बागवानी तकनीकों को अपनाकर गुणवत्तापूर्ण उत्पादन करने और शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। यह परियोजना न केवल किसान की आर्थिक उन्नति का माध्यम बनेगी, बल्कि नर्मदापुरम जिले में आधुनिक बागवानी एवं पुष्प उत्पादन को नई दिशा प्रदान करेगी। साथ ही यह क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित होगी, जिससे वे शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर तकनीक आधारित कृषि एवं बागवानी को अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh