
एचआरटीसी बस से दो बैटरियां चोरी करने वाला शातिर चोर 24 घंटे में गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त
सोलन। कसौली पुलिस ने एचआरटीसी बस से दो बैटरियां चोरी करने के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त कर ली है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी के दो अन्य मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, एचआरटीसी नालागढ़ के चालक प्रदीप सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 8-9 जुलाई की रात गुनाई बस स्टैंड पर खड़ी बस से अज्ञात व्यक्ति दोनों बैटरियां चोरी कर ले गया। चोरी गई बैटरियों की कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है।
मामला दर्ज होने के बाद कसौली पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के आधार पर पुलिस ने संतोष कुमार (35), निवासी बिहार एवं वर्तमान निवासी टीपरा (कालका), हरियाणा, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि वह अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल रहा है या नहीं।
कसौली पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
#Solan #KasauliPolice #HRTC #TheftCase #CrimeNews #HimachalNews #BreakingNews #UTHimachal