
पूर्वी रेलवे गुमटी खोलने की मांग को लेकर कांग्रेस का पैदल मार्च, 15 जून तक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
बक्सर । पूर्वी रेलवे गुमटी को खोलने की मांग को लेकर शुक्रवार को बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी ने बड़ा जनआंदोलन शुरू किया। जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में ज्योति प्रकाश चौक से कलेक्ट्रेट तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला गया। सैकड़ों महिला-पुरुष समर्थकों की मौजूदगी में निकला यह मार्च कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनसभा में तब्दील हो गया, जहां आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य पूरा होने तक आम लोगों को राहत देने के लिए पूर्वी रेलवे गुमटी को खोलना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि फाटक बंद रहने से शहरवासियों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं एवं प्रसव पीड़ा से जूझ रही मरीजों को अस्पताल पहुंचने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाएं भी समय पर नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे लोगों के जीवन पर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
पंकज उपाध्याय ने कहा कि जल्द ही विद्यालय खुलने वाले हैं और हजारों छात्रों को लंबा रास्ता तय कर स्कूल जाना पड़ेगा, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी। इसके अलावा किसानों, व्यापारियों, मजदूरों और नौकरीपेशा लोगों के दैनिक आवागमन तथा रोजगार पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में मांगलिक और सामाजिक कार्यक्रमों का सीजन शुरू होने वाला है, जिससे यातायात का दबाव और बढ़ेगा। वर्तमान में शहर को जोड़ने वाला कोई सुगम एवं व्यवहारिक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी आरओबी निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य में अतिरिक्त समय भी लगता है तो वह स्वीकार्य है, लेकिन पुल के पूरी तरह सुरक्षित होकर चालू होने तक जनता की सुविधा के लिए रेलवे गुमटी खोली जानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूर्वी रेलवे गुमटी को जल्द खोलने की मांग की। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि 15 जून तक गुमटी नहीं खोली गई तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।
इस अवसर पर हरिशंकर त्रिवेदी, कामेश्वर पांडेय, संजय पांडेय, रोहित उपाध्याय सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Buxar, Buxar | Jun 13, 2026