थाना मड़िहान में मंडलायुक्त व डीआईजी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं
जमीन संबंधी मामलों में पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश
मीरजापुर, 22 अगस्त 2026। थाना समाधान दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक पूनम ने थाना मड़िहान में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान का भरोसा दिलाया।
मंडलायुक्त एवं डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही या उदासीनता न बरती जाए।
अधिकारियों ने विशेष रूप से भूमि विवाद, चकरोड, अवैध कब्जे और अन्य राजस्व संबंधी मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने तथा समयबद्ध एवं निष्पक्ष तरीके से शिकायतों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही थाना प्रभारी को क्षेत्र में असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।