
अररिया, 16 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जीविका कर्मियों का प्रशिक्षण सम्पन्न
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सामुदायिक संस्थाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला परियोजना समन्वयन इकाई (जीविका), अररिया द्वारा 15 एवं 16 जुलाई 2026 को जीविका जिला कार्यालय स्थित एफटीआईसी हॉल में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में प्रखंड परियोजना प्रबंधकों, क्षेत्रीय समन्वयकों एवं सामुदायिक समन्वयकों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता (फाइनेंशियल लिटरेसी), लेखा-जोखा संधारण (बुक कीपिंग) तथा मेंटर-मेंटी मॉडल से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत लाभार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करना तथा योजना के प्रभावी संचालन में जीविका कर्मियों की भूमिका को और सुदृढ़ करना रहा।
दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिदिन 32-32 प्रतिभागियों सहित कुल 64 जीविका कर्मियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन जिला परियोजना समन्वयन इकाई (जीविका), अररिया के ट्रेनिंग ऑफिसर श्री प्रमोद कुमार दत्ता एवं युवा पेशेवर श्री सुभाशीष कर्माकर द्वारा किया गया। दोनों प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं सहभागितापूर्ण तरीके से विभिन्न विषयों की जानकारी प्रदान की।
जिला परियोजना समन्वयन इकाई (जीविका), अररिया द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगा।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Araria, Bihar | Jul 16, 2026