
बोकारो स्टील सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना 2026-27 का नवीनीकरण, कर्मचारियों को मिलेगा सुरक्षा कवच
#BokaroSteelPlant #BSL #SAIL #BokaroNews #EmployeeInsurance #AccidentInsurance #BokaroSteel #CurrentBokaro
Bokaro : बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। बोकारो स्टील सामूहिक दुर्घटना बीमा समिति ने वर्ष 2026-27 के लिए ‘बोकारो स्टील सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना’ के नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस संबंध में समिति की ओर से सर्कुलर जारी कर दिया गया है।
##सबसे कम प्रीमियम दर पर बजाज जनरल इंश्योरेंस को मिली जिम्मेदारी
बीमा कवरेज के लिए अपनाई गई निविदा प्रक्रिया में मेसर्स बजाज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड की दर सबसे कम पाई गई। इसके बाद कंपनी के साथ वर्ष 2026-27 के लिए सामूहिक दुर्घटना बीमा पॉलिसी का करार किया गया है। योजना के तहत वार्षिक प्रीमियम प्रति व्यक्ति प्रति एक लाख रुपये बीमा राशि के लिए 56.64 रुपये (सभी कर सहित) निर्धारित किया गया है।
##BSL, माइंस और कोलियरीज के सभी ऑन-रॉल कर्मचारी होंगे पात्र
इस योजना का लाभ बोकारो इस्पात संयंत्र सहित माइंस एवं कोलियरीज में कार्यरत सभी ऑन-रॉल कर्मचारियों को मिलेगा। इसमें अधिशासी (Executive) और अनाधिशासी (Non-Executive) दोनों श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं। इस वर्ष योजना में कर्मचारियों के साथ-साथ उनके पति या पत्नी को भी बीमा कवरेज के लिए पात्र बनाया गया है। बीमा अवधि के दौरान कंपनी में नियुक्त होने वाले नए कर्मचारियों और अन्य इस्पात संयंत्रों से स्थानांतरित होकर आने वाले कर्मचारियों को यथानुपात प्रीमियम कटौती के बाद योजना की सदस्यता दी जाएगी।
##पुराने ऑप्ट-आउट आवेदन नहीं होंगे मान्य, 31 जुलाई तक देना होगा विकल्प
समिति ने स्पष्ट किया है कि जिन कर्मचारियों ने पिछले वर्षों में इस योजना से बाहर रहने (ऑप्ट-आउट) के लिए आवेदन दिया था, वे आवेदन वर्ष 2026-27 की योजना के लिए मान्य नहीं होंगे। यदि कोई कर्मचारी या सदस्य इस बीमा योजना का लाभ नहीं लेना चाहता है तो उसे 31 जुलाई 2026 तक नया ऑप्ट-आउट आवेदन देना होगा। पति या पत्नी को योजना में शामिल करने के लिए ऑप्ट-इन विकल्प की अंतिम तिथि भी 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
##कर्मचारी को 25 लाख और पति-पत्नी को मिलेगा 5 लाख का बीमा कवर
नई बीमा योजना के तहत दुर्घटना की स्थिति में कर्मचारी को 25 लाख रुपये का बीमा सुरक्षा कवच मिलेगा। वहीं कर्मचारी के पति या पत्नी के लिए 5 लाख रुपये का बीमा कवर निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त योजना में अन्य सुविधाएं भी शामिल हैं। दुर्घटना की स्थिति में एम्बुलेंस खर्च के लिए 5 हजार रुपये और अंतिम संस्कार (फ्यूनरल खर्च) के लिए 20 हजार रुपये तक की सहायता राशि का प्रावधान किया गया है।
##दुर्घटना या मृत्यु की सूचना 25 दिनों के अंदर देनी होगी
बीमा लाभ प्राप्त करने के लिए दुर्घटना से स्थायी पूर्ण अपंगता होने की स्थिति में चिकित्सा अशक्तता प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद 25 दिनों के अंदर सूचना देनी होगी। वहीं दुर्घटना के कारण कर्मचारी की मृत्यु होने पर भी घटना की जानकारी 25 दिनों के अंदर समिति के सचिव को लिखित रूप में देनी होगी। यह सूचना विभागीय अधिकारी के माध्यम से अग्रसारित कर विभागीय डाक या ईमेल द्वारा भेजी जा सकती है।
##अगस्त 2026 के वेतन से होगी प्रीमियम कटौती
बोकारो स्टील सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना की अवधि 13 सितंबर 2026 से 12 सितंबर 2027 तक निर्धारित की गई है। योजना के लिए प्रीमियम राशि की कटौती अगस्त 2026 माह के वेतन से की जाएगी। समिति ने कर्मचारियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑप्ट-इन या ऑप्ट-आउट से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि बीमा योजना का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त किया जा सके।
Chas, Bokaro | Jul 15, 2026