
नशा बेचकर कमाई संपत्ति भी नहीं बचेगी, तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर हांसी पुलिस की पैनी नजर : एसपी विनोद कुमार
नशा तस्करों की गिरफ्तारी के साथ अवैध कमाई के स्रोत और उससे बनाई गई संपत्ति की भी होगी जांच
हांसी, 04 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक हांसी श्री विनोद कुमार, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में हांसी पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई अब केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से होने वाली कमाई और उससे जुड़े आर्थिक नेटवर्क पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार से कमाई गई रकम से बनाई गई संपत्ति भी जांच के दायरे में आएगी। नशा तस्करों की आय के स्रोत, बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, चल-अचल संपत्तियों तथा उनके आर्थिक सहयोगियों के संबंध में नियमानुसार जांच की जाएगी।
नशा बेचकर बनाई संपत्ति पर भी होगी कानूनी कार्रवाई
एसपी हांसी ने कहा कि नशा तस्करी केवल एक व्यक्ति को प्रभावित करने वाला अपराध नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर समाज, युवाओं और परिवारों पर पड़ता है। इसलिए हांसी पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी व्यक्ति की संपत्ति या वित्तीय संसाधनों का संबंध नशा तस्करी से अर्जित धन से पाया जाता है, तो लागू कानूनी प्रावधानों के तहत उस संपत्ति को फ्रीज/अटैच करने सहित आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
तस्करों की कमर तोड़ने के लिए आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार
हांसी पुलिस द्वारा नशा तस्करों के संबंध में उनकी आर्थिक गतिविधियों, आय के स्रोत, संपत्ति, बैंक खातों और लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही नशे के अवैध कारोबार में तस्करों का सहयोग करने वाले व्यक्तियों और उनके आर्थिक नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
एसपी हांसी श्री विनोद कुमार ने नशा तस्करों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि नशे का कारोबार छोड़ दें, क्योंकि नशा बेचकर कमाया गया पैसा और उससे बनाई गई संपत्ति भी कानून की नजर से नहीं बच सकेगी।
हांसी पुलिस का उद्देश्य नशा तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ इसके आर्थिक आधार को कमजोर करना है, ताकि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
Uklana, Hissar | Oct 4, 2026