
फॉलो अप शिविर में बुजुर्ग को मिली राहत, छः माह बाद रुकी पेंशन हुई चालू
सवाई माधोपुर, 22 जुलाई। राज्य सरकार के निर्देश पर शहरी सेवा शिविर अभियान के तहत 21 जुलाई से 31 अगस्त तक आयोजित होने वाले फोलोअप शिविर में बुधवार को नगर परिषद सवाई माधोपुर में लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
इस दौरान पिछले 6 माह से अपनी पेंशन चालू करवाने के लिए भटक रहे एक बुजुर्ग को राहत मिली तो वहां भावुक हो उठा। नीमली रोड़ तिलक नगर निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग राधेश्याम जागा पुत्र बजरंग लाल जागा को जब फॉलो अप शिविर में समस्या समाधान की जानकारी मिली तो उन्होंने नगर परिषद के आयुक्त दलीप पूनिया से अपनी रूकी हुई पेंशन चालू करवाने की गुहार लगाई। इस पर आयुक्त ने बुजुर्ग को आश्वस्त करते हुए तुरंत प्रभाव से संबंधित कर्मचारियों को सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण कर पेंशन चालू करवाने के निर्देश दिए। कर्मचारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही आवश्यक अपडेट करवाए और वार्षिक सत्यापन भी संपन्न किया। पिछले छः माह से पेंशन के लिए विभाग के चक्कर लगाने के बाद अचानक से शिविर में पेंशन शुरू होने के बाद राधेश्याम के चेहरे पर मुस्कान खिल उठी। उन्होंने कहा कि अब उन्हें पेंशन से जीवन यापन करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रशंसा की, साथ ही उन्होंने आयुक्त दलीप पूनिया, शिविर नोडल प्रभारी विजेंद्र मीणा एवं सह नोडल प्रभारी रितु शर्मा, पेंशन प्रभारी रीना नागर, किशन महावर तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से छात्रावास अधीक्षक वंदना सिंहल का भी आभार व्यक्त किया।