परिवहन विभाग ने नियम विरुद्ध संसाधनों पर 184 वाहनों का चालान किया।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग तथा पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में अवैध वाहन मॉडिफिकेशन, अनधिकृत उपकरणों एवं नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सघन जांच कर मोटर वाहन अधिनियम एवं केंद्रीय मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह ने बताया कि 3 जून से 8 जून तक चलाए गए विशेष अभियान में 184 वाहनों के चालान किए गए। जांच के दौरान 73 वाहनों में अवैध संरचनात्मक परिवर्तन (मॉडिफिकेशन) पाए गए, जबकि 15 वाहनों पर अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर अथवा हूटर लगे मिले। इसके अतिरिक्त 13 वाहनों में प्रेशर हॉर्न, 6 वाहनों में काली फिल्म तथा 34 वाहनों में नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट अथवा पंजीयन चिन्ह पाए जाने पर कार्रवाई की गई।